31 जुलाई 2019 - 18:05
फ़्रांस से रूहानी, क्षेत्र में तनाव फैलाए जाने का भरपूर मुक़ाबला किया जाएगाःरूहानी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार की रात फ़्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रां से टेलीफ़ोनी वार्ता में इस बात की ओर संकेत करते हुए कि यूरोप ने अपने वचनों पर अमल तथा ईरान के साथ सहयोग के अधिकतर अवसर गंवा दिए हैं, कहा कि तेल और बैंक के क्षेत्र में संबंधों को सामान्य बनाना, वह पहला क़दम है जिसकी यूरोप से ईरान को अपेक्षा है।

डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि अमरीका का आर्थिक आतंकवाद, जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की आपूर्ती सहित मानवता विरोधी कार्यवाहियां हैं। उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से परमाणु समझौते पर पूर्ण प्रतिबद्धता उसी समय होगी जब सामने वाला पक्ष परमाणु समझौते पर पूर्ण अमल करे और यदि सामने वाला पक्ष परमाणु समझौते पर कम अमल करता है तो ईरान की ओर से पूर्ण प्रतिबद्धता, ईरानी राष्ट्र को स्वीकार्य नहीं है।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि अमरीका के परमाणु समझौते से निकलने के बाद ईरान ने न केवल यूरोप की ओर इस संबंध में गंभीर कार्यवाही नहीं देखी बल्कि यूरोप की कुछ कंपनियां अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों का अनुसरण करते हुए ईरान से निकल गयीं।

डाक्टर हसन रूहानी ने ईरान की हालिया कुछ परमाणु कार्यवाहियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि जैसा कि तेहरान ने बारम्बार बल दिया है कि ईरान की ओर से परमाणु वचनों पर अमल में कमी तभी तक जारी रहेगी जब तक यूरोप की ओर से ईरान के आर्थिक हितों की पूर्ती के लिए कार्यवाहियां तेज़ नहीं की जातीं और यदि यूरोप ने अपने वचनों पर अमल किया तो ईरान पहली वाली स्थिति पर वापस लौट जाएगा। 

राष्ट्रपति ने बल दिया कि ईरान के विरुद्ध अमरीका की शत्रुतापूर्ण कार्यवाहियों का कोई फ़ायदा नहीं होगा और यदि यह प्रक्रिया जारी रहेगी तो सभी को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ईरान क्षेत्र में किसी भी तनाव को शुरु करने वाला नहीं था और न ही रहेगा किन्तु हर प्रकार के तनाव फैलाए जाने का पूरी शक्ति से मुक़ाबला करेगा।

इस टेलीफ़ोनी वार्ता में फ़्रांस के राष्ट्रपति एमैनुल मैक्रां ने कहा कि फ़्रांस, परमाणु समझौते में ईरान के हितों को पूरा करने और तेहरान के साथ दूसरे देशों के आर्थिक संबंधों को सामान्य करने के लिए भरपूर प्रयास करेगा।